India-Iran Ties: भारत आएंगे ईरान के राष्ट्रपति, ब्रिक्स सम्मलेन में शामिल होंगे मसूद पेजेशकियन
नई दिल्ली, 14 अगस्त - ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आएंगे। ईरानी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पेजेशकियन की यह यात्रा सितंबर में राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए होगी।
भारत 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में "लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण" विषय के तहत आयोजित किया जाएगा। भारत ने 2026 की शुरुआत में ब्राजील से ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली थी।
अक्टूबर 2024 में पेजेशकियन ने रूस के कजान में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की थी। ईरान 2024 में मिस्र, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात के साथ ब्रिक्स का पूर्ण सदस्य बना था। इंडोनेशिया 2025 में समूह में शामिल हुआ, जिसके बाद ब्रिक्स के पूर्ण सदस्यों की संख्या बढ़कर 11 हो गई।

