सोमालिया तट पर समुद्री डाकुओं का आतंक: तुर्किये के हथियारों से लदा जहाज हाईजैक
मोगादिशू, 20 अगस्त - सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले एक कार्गो जहाज को हाईजैक कर लिया। जहाज पर तुर्किये के हथियार और संचार व सैटेलाइट उपकरण लदे थे। एक सोमाली अधिकारी के मुताबिक, समुद्री लुटेरे जहाज को पुंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले गए।
सोमाली अधिकारी ने बताया कि एम/वी लुटुफ को सोमवार को पुंटलैंड के ईयल जिले में मारेया से करीब साढ़े तीन नॉटिकल मील दूर कब्जे में लिया गया। अधिकारी ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि उन्हें संवेदनशील मामले पर सार्वजनिक रूप से बोलने की अनुमति नहीं थी।
अधिकारी के मुताबिक, जहाज के 10 सदस्यीय चालक दल में छह भारतीय नागरिक, एक तुर्किये का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे। जहाज का मालिकाना हक पोलर मूवमेंट शिपिंग के पास बताया गया है।

