जालंधर ईडी ऑफिस नहीं पहुचे अनुराग वर्माः मोहाली के सनटेक सिटी मामले में ईडी के समक्ष होना था पेश

, एजेंसी ने 9 सितंबर को बुलाया

जालंधर , 7 सितंबर - पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और वर्तमान अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) अनुराग वर्मा को मोहाली के चर्चित सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स मामले में ईडी ने नया समन जारी किया है। आज जालंधर जोनल दफ्तर में पेश न होने के बाद ईडी अधिकारियों ने उन्हें अब 9 सितंबर को पूछताछ के लिए हाजिर होने का आदेश दिया है।प्रवर्तन निदेशालय (एड) मोहाली में सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े प्रोजेक्ट्स में हुई कथित अनियमितताओं और नियमों के गंभीर उल्लंघन की गहन जांच कर रहा है। इसी सिलसिले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा को पूछताछ के लिए समन भेजकर आज जालंधर स्थित जोनल कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, किसी कारणवश आज अनुराग वर्मा ईडी के समक्ष पेश नहीं हो सके।

पहले भी 31 अगस्त को पूछताछ के लिए किया था तलब

यह पहला मौका नहीं है जब अनुराग वर्मा को जांच एजेंसी ने बुलाया हो। इससे पहले भी ईडी ने उन्हें 31 अगस्त को पूछताछ के लिए तलब किया था, लेकिन उस समय भी वह पेश नहीं हो पाए थे। अनुराग वर्मा ने उस दौरान ईडी से अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा था कि मामले से संबंधित जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड इकट्ठा करने के लिए उन्हें कुछ और वक्त की आवश्यकता है। उनके इस अनुरोध के बाद ईडी ने उन्हें आज की तारीख दी थी, लेकिन आज भी अनुपस्थित रहने के बाद अब अगली तारीख 9 सितंबर तय कर दी गई है।ईडी द्वारा जिस समयावधि की अनियमितताओं की जांच की जा रही है, उस दौरान अनुराग वर्मा पंजाब के हाउसिंग और शहरी विकास विभाग के प्रमुख के पद पर तैनात थे। जांच एजेंसी का ध्यान इस बात पर केंद्रित है कि क्या इस पद पर रहते हुए बिल्डरों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया या नियमों को ताक पर रखकर स्वीकृतियां दी गईं।

#जालंधर ईडी ऑफिस