Delhi Building Collapse : भिवाड़ी से पकड़ा गया इमारत मालिक हरिराम बंसल, मृतकों के नाम आए सामने

नई दिल्ली, 7 सितंबर - दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को जो बिल्डिंग गिरी, उसके मालिक हरिराम बंसल को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में लिया है। पुलिस उसे दिल्ली लेकर आ रही है। आगे की जांच जारी है।
मोती लाल नेहरू कॉलेज के बीकॉम द्वितीय वर्ष के दो छात्रों की हादसे में जान गई है। जिनकी पहचान सोनभद्र के अभिषेक और छत्तीगढ़ के दुर्ग से युवराज सोनी के रूप में हुई है। दोनों हॉस्टल की टॉप फ्लोर पर एक ही रूम में रहते थे।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कमिश्नर संजीव खिरवार ने कहा, 'दुर्भाग्य से इस घटना में सात लोगों की जान चली गई। इस इमारत के बगल वाली इमारत कमजोर हो गई है, उसे रात भर में मजबूत किया गया है। अगले 1-2 दिनों में हम उसे योजनाबद्ध तरीके से ध्वस्त करेंगे। 1970 के दशक की इस इमारत को कभी कोई नोटिस नहीं दिया गया और न ही इसे कभी सील किया गया। इस इमारत के बारे में कोई शिकायत भी नहीं मिली थी।'
सत्य निकेतन की इमारत गिरने की घटना के बाद दिल्ली सरकार ने एमसीडी उपायुक्त, कार्यकारी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को सस्पेंड कर दिया है।

#Delhi
# Building