SPO की गाड़ी से बैटरी चोरी का मामला, क्राइम ब्रांच-3 ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पंचकूला, 7 सितंबर (कपिल)- पूर्व उपमुख्यमंत्री और पंचकूला से कांग्रेस विधायक चंद्र मोहन के घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात एसपीओ की गाड़ी से बैटरी चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले चंद्र मोहन के घर के बाहर खड़ी एसपीओ की गाड़ी से तीन व्यक्ति बैटरी निकालकर फरार हो गए थे। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने दो आरोपियों को काबू कर लिया।

क्राइम ब्रांच-3 के प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले की आगामी कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे अन्य किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं। पूछताछ के दौरान मामले में जल्द ही और खुलासे होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे की पूर्ति के लिए बैटरियां चोरी करने का काम करते थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
 

#SPO