चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हमेशा नूरा-कुश्ती खेलती हैं - तरुण चुघ

सुनाम ऊधम सिंह वाला/संगरूर, 16 सितंबर (सरबजीत सिंह धालीवाल, हरचंद सिंह भुल्लर) - भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ ने भाजपा संगरूर-2 की जिला अध्यक्ष दामन बाजवा के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गुलजार सिंह तूरबंजारा के घर के हालात देखकर मन बहुत दुखी हुआ। गुलजार सिंह का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने हलका विधायक को बताया था कि उनके गांव में नशा खुलेआम बिक रहा है और नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि उनकी गली में नशे के कारण दो बच्चों की मौत हो चुकी है। इतनी-सी बात को लेकर उन्हें डराया-धमकाया गया और जातिसूचक शब्द भी बोले गए। जलालत न झेलते हुए आखिरकार उन्हें आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मौत से जूझ रहे गुलजार सिंह को कई घंटे तक इधर-उधर लेकर घूमते रहे। तरुण चुघ ने कहा कि स्वास्थ्य क्रांति का ढिंढोरा पीटने वाले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अपने जिले में गुलजार सिंह को वेंटिलेटर भी नसीब नहीं हो सका। नशा माफिया को बचा लिया गया, लेकिन नशा बेचने वालों की सूचना देने वाले एक गरीब मजदूर को मरने के लिए छोड़ दिया गया। यह सिर्फ गुलजार सिंह की ही कहानी नहीं, बल्कि पंजाब के हर गांव, गली, मोहल्ले और हर घर की कहानी है, क्योंकि पंजाब के लोग भ्रष्टाचार, अपराध और चिट्टे का सामना कर रहे हैं। पंजाब अपराध और चिट्टे की राजधानी बन गया है।

तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नूरा-कुश्ती खेल रही हैं। 'आप' ने 2024 का चुनाव 1984 के दंगों की आरोपी कांग्रेस के साथ दिल्ली और चंडीगढ़ में मिलकर लड़ा। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के लिए वोट मांगे।

इस मौके पर भाजपा संगरूर-2 की जिला अध्यक्ष दामन बाजवा और वरिष्ठ भाजपा नेता हरमनदेव सिंह बाजवा भी मौजूद थे।

#चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी हमेशा नूरा-कुश्ती खेलती हैं - तरुण चुघ