एशियन गेम्स 2026 का शानदार आगाज: मनु भाकर और पवन सेहरावत ने थामा तिरंगा
नई दिल्ली, 19 सितंबर -आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 का शानदार आगाज हो गया है। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित भव्य ओपनिंग सेरेमनी में पूरे एशिया के खिलाड़ी और अधिकारी एक मंच पर नजर आए। इसी दौरान भारतीय दल ने भी पूरे जोश और गर्व के साथ मार्च किया। दो ओलंपिक पदक जीत चुकीं भारतीय शूटर मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा थामे भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों का बड़ा दल शान से स्टेडियम में पहुंचा और इस खास पल का गवाह बना।
भारतीय दल की एंट्री ओपनिंग सेरेमनी के सबसे खास पलों में रही। मनु भाकर और पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर सबसे आगे रहे। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी पूरे उत्साह के साथ मार्च करते हुए स्टेडियम में पहुंचे। तिरंगे के साथ भारतीय दल की यह तस्वीर एशियन गेम्स के मंच पर देश की मौजूदगी को खास बनाने वाली रही। मनु भाकर के लिए यह एशियन गेम्स में तीसरी भागीदारी है। वह पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकी हैं। वहीं पवन सेहरावत 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे थे।

