सेवा और जनकल्याण के 20 वर्ष पूरे होने पर विशेष कार्यक्रम, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने की शिरकत
पंचकूला, 20 सितंबर (कपिल)- अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट (रजि.) और चंडीगढ़-पंचकूला एजुकेशनल स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सेवा, समर्पण और जनकल्याण के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान आरएसएस के सह प्रांत प्रचारक प्रेम चंद गोयल, डॉ. अमृता दीदी, मेयर सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली शख्सियतों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि अश्वनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट पिछले 20 वर्षों से समाज सेवा के साथ-साथ युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे से बचाना बेहद जरूरी है। नशे का प्रभाव केवल युवाओं तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे उनके परिवार भी प्रभावित होते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों और खेलों से जोड़ने की दिशा में प्रयास करने का आह्वान किया।





