लुधियाना में 50 लाख रुपये कीमत का 300 किलो गांजा बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना, 23 सितंबर (प्रदीप भंडारी)- लुधियाना में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कमिश्नरेट पुलिस ने करीब 300 किलो यानी 3 क्विंटल गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो पिकअप वाहन भी बरामद किया है।

डी.सी.पी. आलम विजय सिंह ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को गंदा नाला पुल, मंडी वाली दरगाह के पास थाना हैबोवाल की पुलिस टीम ने एक बोलेरो पिकअप के पास दो व्यक्तियों को देखा। पुलिस को देखते ही दोनों कथित तौर पर गांजे से भरा प्लास्टिक बैग सड़क किनारे फेंककर गाड़ी समेत मौके से फरार हो गए।

जब पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। इस मामले में थाना हैबोवाल में एफ.आई.आर. नंबर 251, दिनांक 23-09-2026, धारा 20 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए परविंदर कुमार, बिरंजन उर्फ गोलू और अमरकांत राय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आगे की जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 290 किलो और गांजा बरामद किया।

इस तरह पुलिस की कुल बरामदगी 300 किलो गांजा और एक बोलेरो पिकअप तक पहुंच गई है। डी.सी.पी. ने बताया कि बरामद किए गए गांजे की कीमत करीब 50 लाख रुपये है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नशा तस्करी के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

#लुधियाना में 50 लाख रुपये कीमत का 300 किलो गांजा बरामद
# 3 आरोपी गिरफ्तार