हिमाचल कैबिनेट: सुक्खू सरकार करेगी बंपर भर्तियां, 14 हजार पदों को भरने की मंजूरी

शिमला, 10 अक्टूबर - हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। मंत्रिमंडल बैठक में विभिन्न विभागों में हजारों पदों को भरने की मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चाैहान ने दी।  मंत्रिमंडल ने विभिन्न विभागों में करीब 14,000 पदों को भरने की मंजूरी दी है। हर्षवर्धन ने कहा कि आने वाले मार्च तक इन पदों को भर लिया जाएगा। अभी तक हिमाचल सरकार ने करीब 32 हजार नाैकरियां दी हैं। 18 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। आज 14 हजार पदों को भरने की मंजूरी दी गई है। इस तरह इस साल के अंत तक 50 हजार पदों को भरने का सरकार का लक्ष्य है। बैठक में करीब 200 एजेंडों पर चर्चा हुई और मंजूरी दी गई।
मंत्रिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों में मेडल जीतने वाली भारतीय टीमों के लिए नकद पुरस्कार से जुड़े नियमों में बदलाव करने का फैसला किया। बदले हुए नियमों के तहत नकद पुरस्कार को हिमाचल के उन सभी योग्य खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटा जा सकता है जो मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा हैं। हर खिलाड़ी को व्यक्तिगत मेडल विजेता के लिए तय रकम के बराबर राशि मिलेगी। या फिर पुरस्कार को आनुपातिक रूप से भी बांटा जा सकता है, लेकिन इसमें व्यक्तिगत मेडल विजेता के लिए तय नकद पुरस्कार का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा मिलना पक्का होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने वालों के लिए जिला युवा सेवा और खेल अधिकारी के पद सृजित को भी मंजूरी दी। इसके तहत अब एशियन गेम्स में महिला कबड्डी में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाली रितु नेगी सहित चारों खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। 

#हिमाचल
# सुक्खू सरकार