पंजाब के 180 ETT TET पास शिक्षकों को बड़ी राहत! वेतन समानता के आदेश जारी: हरपाल सिंह चीमा
चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (इंट.)- पंजाब के 180 ETT TET पास शिक्षकों की वेतन समानता और अन्य सेवा संबंधी मामलों को लेकर अहम कदम उठाया गया है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। कर्मचारियों के मामलों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के प्रमुख हरपाल सिंह चीमा ने यूनियन के प्रतिनिधियों को सरकारी आदेशों की प्रति भी सौंपी।
वित्त विभाग के निर्देशों और अदालत के फैसलों के आधार पर लिया गया निर्णय
स्कूल शिक्षा निदेशालय (प्रारंभिक) की ओर से जारी आदेशों में वित्त विभाग के निर्देशों और संबंधित अदालती फैसलों को ध्यान में रखते हुए वेतन निर्धारण को मंजूरी दी गई है।
इस फैसले को 180 ETT TET पास शिक्षकों की वेतन समानता से जुड़े मामले के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकारी आदेश जारी होने से संबंधित शिक्षकों के सेवा मामलों में आगे की कार्रवाई का रास्ता भी साफ होगा।

