युवा वर्ग को उसकी क्षमता बताएं
हमारे देश में शिक्षा को लेकर बहुत-सी बातें हो रही हैं, होती रही हैं। यही कि शिक्षा का नैतिक स्तर उन्नत होना चाहिए। शिक्षा ऐसी हो कि बच्चों को देश का ज़िम्मेदार नागरिक बनने में मदद मिल सके और अंत में शिक्षा रोज़गार उपलब्ध करवाने वाली हो। अगर माता-पिता के भरसक यत्न के बाद भी बच्चा ढंग की नौकरी नहीं कर सके तो सारी मेहनत व्यर्थ सी लगने लगती है। फिर बच्चों का तनाव और कोशिश माता-पिता को समझ नहीं आती, माता-पिता की खीझ व तनाव बच्चों को समझ नहीं आता। यही एक प्रश्न उठता है कि क्या हमारे यहां शिक्षा का स्तर ऐसा है कि वह रोज़गार की बढ़ती मांग को पूरा कर सके? क्या जॉब हैं और बच्चे वहां तक पहुंच नहीं पा रहे? आज इसका आकलन ज़रूरी हो गया है। युवा आक्रोश आन्दोलन के रूप में सामने आ रहा है और इसके पीछे बेरोज़गारी का सवाल मुंह बाये खड़ा है। सभी राजनीतिक दल अर्थ तक पहुंचे बिना जेन जी को सम्बोधित कर रहे हैं। सवाल है कि हमारा शैक्षणिक ढांचा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और पीछे रह गए नागरिकों दोनों की ज़रूरतें पूरी कर पा रहा है या नहीं?
विशेषज्ञ मुख्य वजह बजट की बता रहे हैं। एक लंबे समय से शिक्षा के बजट में कोई इजाफा नहीं देखने में आ रहा। 1966 में कोठारी आयोग की आहट हुई थी तब से लेकर 2020 तक की राष्ट्रीय नीति तक वही राग अलापा जा रहा है। हम शिक्षा पर अपनी जी.डी.पी. का 6 प्रतिशत खर्च करने के संकल्प की टेप चलाते जा रहे हैं, लेकिन हकीकत हैरान करने वाली है। शिक्षा पर व्यय 27 प्रतिशत पर ही ठहरा हुआ है। दूसरे देशों की तुलना आकर्षक होगी। ब्राज़ील अपनी जी.डी.पी. का 4.9 प्रतिशत और दक्षिण अफ्रीका 10 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करता है। चीन का निवेश हमसे लगभग आठ गुना अधिक है। जिन पर हमें नाज है उनकी स्थिति का आकलन भी ठीक रहेगा। हमारा आई.आई.टी. कानपुर विश्व में 221वें स्थान पर है। हमारा भारतीय विज्ञान संस्थान 254वें स्थान पर है। यह हमारी निम्न अवस्था का आकलन है। अकेले चीन के छह, हांगकांग के पांच और सिंगापुर के दो विश्वविद्यालय इस सूची में अपनी उन्नत अवस्था दिखा रहे हैं। अमरीका और ब्रिटेन के चालीस विश्वविद्यालय इस प्रखरता को निभाए हुए हैं। अचरज की बात यह है कि भारत में स्कूलों और विश्वविद्यालयों की बाढ़-सी नज़र आने लगी है। एक पूंजीपति वर्ग जो उदारता में नाम और धन दोनों कमाना चाहता है, शिक्षा संस्थान की तरफ जाता है। वार्षिक समारोहों में अध्यक्षता कर, अखबारों में रिपोर्ट छपवा कर वाहवाही तो बटोर लेता है परन्तु शिक्षा के मानकों का उसे उतना ध्यान रहता नहीं। आज ऐसे 65000 संस्थान पंजीकृत बताए जा रहे हैं, लेकिन तब भी दशा यह है कि 18 वर्ष से 23 वर्ष के आयु वर्ग के हिन्दुस्तानियों में से प्रत्येक दस में से सात कालेज का दरवाज़ा तक नहीं देख पाते। पंजाब जैसे प्रांत में लड़के-लड़कियों के लिए जो नशे की आदत डाली जा रही है। वह कहीं अधिक घातक है। सरकार और कुछ संस्थान इस पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं परन्तु यह अभी तक अपने दुष्प्रभाव ही दिखा रहा है। युवा पीढ़ी का ध्यान खेलों की तरफ लगाने की कोशिश भी की गई परन्तु प्रतिदिन कभी दो व कभी तीन बच्चे नशे में उम्र गंवा रहे हैं। दूसरी तरफ जिनके पास साधन हैं वे अपने बच्चों को विदेश भेज रहे हैं। जिससे विदेशी मुद्रा के लाखों डॉलर विदेश चले जाते हैं और हमारा देश हमारी ही प्रतिभा से वंचित रह जाता है।
पीछे छूट गए लाखों युवा लोग अपनी डिग्री को गहन निराशा से देखते रहते हैं। लिहाज़ा युवा वर्ग की एक ऐसी फौज तैयार हो रही है जिनके पास उपलब्ध रोज़गार पाने की योग्यता भी नहीं है। उनके पास ज्ञान तो है परन्तु पुरानी किताबों का जिनसे उन्होंने जाना कि ताजमहल किसकी याद में बनवाया गया था। वस्तुपरक ढंग से सोचने की क्षमता खारिज हो चुकी है। यह सब एक ऐसे समय में घट रहा है जब कृत्रिम बौद्धिकता ने लगातार नौकरियों को खाना शुरू कर दिया है।

