पंजाब और चंडीगढ़ में कई जगहों पर छा सकती है घनी धुंध, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

चंडीगढ़, 26 नवंबर- पंजाब और चंडीगढ़ में आज कई स्थानों पर घनी धुंध पड़ने की संभावना है। हालांकि, दिन के समय मौसम शुष्क रहने के साथ धूप खिली रहेगी। मौसम का यह मिजाज 28 नवंबर तक जारी रहने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर और रूपनगर में धुंध छाने की संभावना है। राज्य में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरना शुरू हो गया है, जो ठंड बढ़ने का संकेत है। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध दिखाई देने लगी है।

अगले 5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। रात का तापमान फिलहाल इसी स्तर के आसपास बना रहेगा। हालांकि, अगले कुछ दिनों में तेज ठंड पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है।

विभाग ने 26 नवंबर से 28 नवंबर तक राज्य के अलग-अलग जिलों में सुबह और रात के समय घनी धुंध को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, 29 नवंबर को किसी भी जिले के लिए घनी धुंध की चेतावनी नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

#पंजाब और चंडीगढ़ में कई जगहों पर छा सकती है घनी धुंध
# मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी