संसद सत्र: परिसीमन विधेयक पर एक दिसंबर को वोटिंग की तैयारी

नई दिल्ली, 27 नवंबर - संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधेयक को पेश करने और उस पर मतदान कराने की तैयारी के बीच 30 नवंबर को संसद की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक बुलाई गई है। इसमें सभी राजनीतिक दलों से सदन के विधायी कामकाज पर चर्चा होगी। वहीं, एक दिसंबर को लोकसभा में विधेयक पर मतदान होने की संभावना है। इसके लिए पांच से छह घंटे का समय लग सकता है। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती विधेयक को दो-तिहाई बहुमत से पारित कराने की होगी।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक को संसद में पेश करने की तैयारी कर रही है। विधेयक को संसद सचिवालय के पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की योजना है। इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें प्रस्तावित हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) इस विधेयक को सदन में लाने की तैयारी में है। इससे पहले 17 अप्रैल को लोकसभा में इसे दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था।

#संसद सत्र: परिसीमन विधेयक पर एक दिसंबर को वोटिंग की तैयारी