क्या अमरीका, रूस और चीन भी चाहते हैं संयुक्त राष्ट्र में सुधार ?
चीन के शेनझेन में 19 नवम्बर, 2026 को अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच एक त्रिपक्षीय वार्ता सम्पन्न हुई। इसके बाद तीनों नेताओं ने एक संयुक्त ‘शांति घोषणा पत्र’ जारी किया। इस पत्र में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि यह पत्र रूस-यूक्रेन, इजरायल-हमास और अमरीका-ईरान के बीच लंबे समय से चल रहे युद्धों के अंतिम परिणाम तक न पहुंचने की लाचारी के परिप्रेक्ष्य में जारी किया गया लगता है।
हालांकि इस पत्र में रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान संकट का कोई उल्लेख नहीं है। न ही इन युद्धों को समाप्त करने के लिए कोई ठोस समाधान निकालने का प्रयास किया गया। इसके विपरीत बातचीत सम्पन्न होने के बाद पुतिन ने यह भी दोहराया कि यूक्रेन के साथ बातचीत नहीं करेंगे। इसके बावजूद ट्रम्प ने इसे ‘इतिहास रचने वाला कदम’ बताया। गोया, यह बातचीत अंतिम निर्णय तक भले ही न पहुंची हो, लेकिन बातचीत में प्रमुख बिंदु संयुक्त राष्ट्र में अपेक्षित सुधार पर सहमति जताना है। संयुक्त राष्ट्र में सुधार की बात वीटो शक्ति सम्पन्न सदस्य देशों के मुंह से निकलना भारत के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के लिए न केवल ठोस प्रयास कर रहा है, बल्कि अपने पक्ष में समर्थ देशों का समर्थन भी जुटा रहा है। हालांकि ये सुधार कैसे किए जाएं, इसके लिए कोई उपाय नहीं सुझाए गए हैं।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों संयुक्त राष्ट्र महासभा में सुरक्षा परिषद स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी का समर्थन करते हुए, संयुक्त राष्ट्र निकाय के विस्तार की वकालात भी कर चुके हैं। भारत को जर्मनी, जापान, ब्राज़ील, यूरोपीय यूनियन और 57 देशों के अफ्रीकी संगठन का भी स्थायी सदस्य बनाए जाने का समर्थन प्राप्त है। यदि चीन भी सहमति जता दे तो भारत को स्थायी सदस्यता मिल जाएगी और वह वीटो शक्ति सम्पन्न देश हो जाएगा। इस परिप्रेक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अनेक बार संयुक्त राष्ट्र और अन्य विश्व मंचों पर यह दलील दे चुके हैं कि 1945 में स्थापित 15 देशों की सुरक्षा परिषद् 21वीं सदी की लक्ष्यपूर्तियों के लिए पर्याप्त नहीं है। इसमें समकालीन भूराजनीतिक वास्तविकताओं का प्रतिबिंब दिखाई देना चाहिए, जो नहीं दे रहा है।
वर्तमान में सुरक्षा परिषद में 5 स्थायी सदस्य और 10 अस्थायी सदस्य देश शामिल हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा के द्वारा दो साल के कार्यकाल के लिए चुना जाता है। परन्तु 5 स्थायी सदस्य अमरीका, रूस, ब्रिटेन, चीन और फ्रांस हैं। इनमें से प्रत्येक देश के पास ऐसी शक्ति हैं, जो किसी भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर वीटो लगा सकता है। भारत 2021-22 में संयुक्त राष्ट्र की उच्च परिषद में अस्थायी सदस्य के रूप में चुना गया था। किंतु दुनिया का जो वर्तमान परिदृष्य है, उससे निपटने के लिए स्थायी सदस्यों की संख्या दुनिया का हित साधने के लिए बढ़ाई जानी चाहिए। जिससे सुरक्षा परिषद के कामकाज के तरीकों में बदलाव, सामूहिक अपराधों के मामलों में वीटो के अधिकार को सीमित करने और शांति बनाए रखने के लिए ज़रूरी फैसलों पर ठोस निर्णायक स्थिति सामने आ सके। वैश्विक शांति और विकास के लिए अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार आवश्यक है और इन सुधारों की प्रासंगिकता की कुंजी एकमात्र संस्था संयुक्त राष्ट्र है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटारेस भी 15 सदस्य देशों की सुरक्षा परिषद को पुरानी व्यवस्था का हिस्सा बताकर इस संस्था की आलोचना कर चुके हैं।
दूसरे विश्व युद्ध के बाद शांतिप्रिय देशों के संगठन के रूप में संयुक्त राष्ट्र का गठन हुआ था। इसका अहम मकसद भविश्य की पीढ़ियों को युद्ध की विभीषिका और आतंकवाद से सुरक्षित रखना था। याद रहे चीन जवाहरलाल नेहरू की अनुकम्पा से सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बना था। कांग्रेस नेता और संयुक्त राष्ट्र में अवर महासचिव रहे शशि थरूर की किताब ‘नेहरू-द इन्वेंशन आफ इंडिया’ में थरूर ने लिखा है कि 1953 के आसपास भारत को संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन उन्होंने चीन को दे दिया। थरूर ने लिखा है कि भारतीय राजनयिकों ने वह फाइल देखी थी, जिस पर नेहरू के इनकार का ज़िक्र है। नेहरू ने ताइवान के बाद इस सदस्यता को चीन को दे देने की पैरवी की थी। अतएव कहा जा सकता है कि नेहरू की बड़ी भूल और उदारता का नुकसान भारत आज तक उठा रहा है जबकि तत्कालीन परिस्थितियों में अमरीका भारत के पक्ष में था।
अज़हर जैसे आतंकियों को अंतर्राष्ट्रीय आतंकी घोषित करने पर चीन का बार-बार वीटो का इस्तेमाल करना है जबकि भारत विश्व में शांति स्थापित करने के अभियानों में मुख्य भूमिका निर्वाह करता रहा है। बावजूद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी एवं सामुदायिक बहुलता वाला देश सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य नहीं है। भारत में दुनिया की 18 फीसदी आबादी रहती है। दुनिया का हर छठा व्यक्ति भारतीय है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, अतएव इस रूप में भी वह संयुक्त राष्ट्र का मददगार साबित हो सकता है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र की कार्य-संस्कृति निष्पक्ष नहीं होने के कारण भारत इस अंतर्राष्ट्रीय संस्था का सदस्य नहीं बन पा रहा है। देखते हैं तीन महाशक्तियों के राष्ट्राध्यक्षों का संयुक्त राष्ट्र में सुधार का घोषणा पत्र भविष्य में क्या रंग दिखा पाता है।
-मो. 094254-88224

