राहुल गांधी का सरकार पर हमला: बोले- वोट चोरी छिपाने के लिए ला रहे परिसीमन बिल
नई दिल्ली, 28 नवंबर - लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने 850 के आंकड़े को भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए कहा कि सरकार लोकसभा की सीटें बढ़ाने के नाम पर चुनावी व्यवस्था को अपने हिसाब से बदलना चाहती है। राहुल ने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित वोट चोरी के आरोपों से बचने और सत्ता बनाए रखने के लिए यह नया रास्ता तैयार किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे 850 के इस आंकड़े को याद रखें।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभी लोकसभा में 543 सीटें हैं, लेकिन सरकार इन्हें बढ़ाकर 850 करना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और इसे लागू किया जा सकता है, तो फिर सीटों की संख्या 850 करने की जरूरत क्यों है? राहुल के मुताबिक, महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का मकसद देश का चुनावी नक्शा नए सिरे से तैयार करना है। उन्होंने दावा किया कि इससे भाजपा को अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने का मौका मिलेगा।

