झारखंड : लोहरदगा में सीएए समर्थकों के जुलूस पर पथराव

रांची, 24 जनवरी - भाजपा ने लोहरदगा में सीएए समर्थक जुलूस पर हुए पथराव और हिंसक घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूरे तरीके से झारखंड सरकार और प्रशासन की विफलता बताया है। विपक्षी दल ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार तुष्टीकरण की राजनीति से पूरे प्रदेश को जलाने पर उतारू है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने गुरुवार को कहा कि लोहरदगा में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे लोगों पर असामाजिक तत्वों ने पेट्रोल बम फेंके, पत्थर चलाए और तलवार, डंडे से हमला किया। प्रशासन पूरे घटना पर मूकदर्शक बना रहा और बाद में जब हंगामा बढ़ा तो उसने कर्फ्यू लगा दिया। उन्होंने कहा की राज्य सरकार की शह पर अब शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने वालों पर भी हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह साफ दिख रहा है कि राज्य सरकार लोकतंत्र का गला घोटने पर आमादा है।