भविष्य की चुनौती का सामना करने हेतु विद्यार्थी रहे तैयार : बदनौर

अमृतसर, 5 मार्च (राजेश कुमार शर्मा) : गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में 46वां दीक्षांत समारोह आज धूमधाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य मेहमान के तौर पर राज्यपाल पंजाब श्री वीपी सिंह बदनौर तथा कैबिनेट मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा ने विशेष मेहमान के तौर पर शिरकत की। उनके साथ मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, प्रिंसीपल सचिव राहुल भंडारी ने भी मंच साझा किया।इस दीक्षांत समारोह में मेदांता हार्ट इंस्टीच्यूट के चेयरमैन तथा एमडी डा. नरेश त्रेहन तथा फिल्म अभिनेता पंकज कपूर को आनर काज़ा की डिग्रियों से सम्मानित किया गया। इसके अलावा 169 पदक, 16 मैमोरियल पदक, श्री श्याम सुंदर नैय्यर ट्राफी, 87 पीएचडी, 9 एम.फिल., 265 मास्टर और 242 बैचलर डिग्रियां अलग-अलग फैकल्टी के विद्यार्थियों-खोजार्थियों को प्रदान की गई। इस मौके पर राज्यपाल बदनौर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आज के ऐतिहासिक दिन की उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि वे श्री गुरु नानक देव जी के नाम पर स्थापित इस विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करके डिग्रियां हासिल करके अपने जीवन के अगले पड़ाव की शुरूआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतीयों को अपनाने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।  इस दौरान मंत्री तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब सरकार पंजाबी भाषा के प्रचार और प्रसार के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है। उन्हाेंने कहा कि विश्वविद्यावलयों में होने वाली खोज आम लोगों के मसलों से जुड़ी होनी चाहिए।  इससे पहले विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. डा. जसपाल सिंह संधू ने आये मेहमानों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के इतिहास, गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डा. नरेश त्रेहन और पंकज कपूर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें पंजाब, पंजाबी और पंजाबीयत के साथ हमेशा जुड़े रहने के लिए पे्ररित किया। अंत में विश्वविद्यालय की ओर से आये मेहमानों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विधायक तरसेम सिंह डीसी, डा. धर्मवीर अग्निहोत्री, डीसी शिवदुलार सिंह ढिल्लाें, भगवंत पाल सिंह सच्चर, सुखचैन सिंह गिल, सीपी डा. एचपी सिंह, सुप्रिया पाठक सहित भारी संख्या में विद्यार्थी व विश्वविद्यालय स्टाफ उपस्थित थे।