इंडोनेशिया और म्यांमार से आए 12 लोगों को भोपाल में किया क्वारंटाइन


भोपाल, 31 मार्च : निजामुद्दीन में स्थित मरकज तबलीगी जमात में 18 मार्च को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 3000 लोग जमा हुए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली के मरकज से 107 लोग मध्यप्रदेश आए थे। इसमें से 50 लोगों के भोपाल आने की सूचना है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह से इन 50 लोगों की खोज शुरू की थी, इनमें से 12 लोग प्रशासन को ऐशबाग बाग स्थित रहमानी मस्जिद में मिले। यह 12 लोग इंडोनेशिया और म्यांमार के रहने वाले हैं। इन्हें 28 मार्च को वापस लौटना था, लेकिन लॉक डाउन के कारण वे यहां फंसे रहे।
इन लोगों के रहमानी मस्जिद में होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन और मेडिकल टीम सभी तैयारियों के साथ रहमानी मस्जिद पहुंची। यहां इन लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद सभी को एडवांस मेडिकल कॉलेज के क्वॉरेंटाइन सेंटर में भेज दिया गया है।