देश में ईंधन की खपत में मार्च में आई 18 प्रतिशत की गिरावट

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (भाषा): कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए देश में लागू 21 दिनों के लॉकडाऊन (राष्ट्रीय बंद) के कारण मार्च महीने में ईंधन की खपत में करीब 18 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह देश में ईंधन की खपत में आई एक दशक से अधिक समय की सबसे बड़ी गिरावट है। बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य महीने के दौरान डीजल, पैट्रोल और विमानन ईंधन की मांग गिरने से पैट्रोलियम उत्पादों की खपत 17.79 प्रतिशत गिरकर 160.8 लाख टन पर आ गई। सबसे अधिक खपत वाले ईंधन डीजल की मांग में 24.23 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 56.5 लाख टन पर आ गई।