केजरीवाल सरकार ने दिल्ली बॉर्डर को एक हफ्ते के लिए सील करने का किया ऐलान


नई दिल्ली, 01 जून देश भर में आज से कोरोना लॉकडाउन 5 की शुरूआत हो गई है। इस बीच दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन पांच के मद्देनजर राजधानी के लिए कुछ नई गाइडलाइंस के बारे में जानकारी कर दी हैं। उन्होंने प्रेस से बात करते हुए कहा कि अगले एक हफ्ते तक दिल्ली के बॉर्डर सील रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को आने-जाने की इजाजत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक जो भी अनुमति दी गई थी, उसके अलावा नाई की दुकानें और सैलून खोले जाएंगे, लेकिन स्पा बंद रहेंगे।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि ऑटो-रिक्शा में एक सवारी पर से प्रतिबंध हटाया जा रहा है। पहले दुपहिया और चार पहिया गाड़ियों पर जो सवारियों पर प्रतिबंध था वो भी हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम बाजारों में दुकानें खोलने के लिए ऑड-ईवन नियम का पालन कर रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा कोई नियम नहीं बताया है। इसलिए अब से सभी दुकानें खुल सकती हैं।