गश्त कर रही पुलिस पार्टी पर अज्ञात हमलावरों का हमला, राइफल छीनकर हुए फरार  

पठानकोट 27 सितंबर (सुरेश चौहान) - पठानकोट के परमानंद में सरकारी गाड़ी पर गश्त कर रहे दो पुलिस कर्मचारियों (एक एएसआई पंजाब पुलिस ,एक होम गार्ड कर्मचारी) पर नशे में धुत अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला करके और मारपीट करने के बाद उनकी सरकारी राइफल छीनकर फरार होने का समाचार मिला है। इस सबंधी जानकारी देते हुए घायल एएसआई दलबीर सिंह ने बताया कि वह और एक होमगार्ड का कर्मचारी सरकारी महिंद्रा जीप पर परमानंद की ओर गश्त कर रहे थे कि सड़क किनारे खड़े चार युवकों ने उनकी गाड़ी को हाथ दिया। जिस पर वह रुक गए। इसी दौरान उन युवकों ने बिना किसी बात के उनको गले से पकड़कर मारना-पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने बेल्ट और बेसबॉल से पीटा। इसी दौरान एक हमलावर ने होमगार्ड के सिर पर रॉड से वार कर दिया। घायल कर्मचारियों ने बताया कि हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। घायल कर्मचारियों ने बताया कि हमलावरों के पास बेसबॉल, दातर और अन्य हथियार भी थे। वह 12 के करीब थे और उनके पास एक स्विफ्ट कार और एक मोटरसाइकिल भी थी। घायल पुलिस कर्मचारियों का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पठानकोट जिला पुलिस घटना की जांच कर हमलावरों की तलाश कर रही है।