इन्सान ने पहली बार गाय का दूध कब इस्तेमाल किया?
‘दीदी, आज सुबह नाश्ते में दूध पीते हुए मैं सोचने लगा कि इंसान ने गाय का दूध पहली बार अपने लिए इस्तेमाल कब किया होगा?’
‘प्राचीन रिकार्ड्स में अक्सर यह ज़िक्र मिलता है कि इंसान दूध व दुग्ध उत्पादों का प्रयोग करता था।’
‘मैं गाय के दूध के इस्तेमाल के बारे में जानना चाह रहा हूं।’
‘मैं वही बताने जा रही थी। जब कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जाता था तब भी गायों का प्रयोग दूध के लिए किया जाता था।’
‘फिर भी यह बात कितनी पुरानी होगी?’
‘बेबीलोन के निकट एक मंदिर खोजा गया जिसकी दीवारों पर एक सीन है जिसमें गाय से दूध निकालते हुए दिखाया गया है। यह मंदिर लगभग 5,000 साल पुराना बताया जाता है।’
‘इस सीन में क्या है?’
‘राइट साइड से गाय का दूध निकालने की बजाय जैसा कि आज किया जाता है, एक व्यक्ति पीछे की तरफ से दूध निकाल रहा है और वह एक स्टूल पर बैठा हुआ है। अन्य व्यक्ति ज़मीन पर रखे कंटेनर में दूध ले रहे हैं। एक तीसरा समूह पत्थर के विशाल जारों में निकाले गये दूध को एकत्र कर रहे हैं।’
‘इससे तो ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे पांच हज़ार साल पहले गायों से दूध हासिल करने का व्यापार काफी संगठित था।’
‘हां। वैसे आज मानव प्रयोग के लिए जो दूध सप्लाई होता है उसका प्रमुख स्रोत गाय के अतिरिक्त बकरी भी है। लेकिन दुनिया के विभिन्न हिस्सों में उन जानवरों का दूध भी प्रयोग होता है जो उनकी गृह भूमि के लिए देशज हैं।’
‘जैसे?’
‘एशिया में ऊंटनी, घोड़ी व याक भी दूध की स्रोत हैं। एस्किमो व लैपलैंडर्स दूध के लिए कारिबोऊ व रेनडियर का प्रयोग करते हैं। हमारे भारत और केंद्रीय एशिया में गाय के साथ भैंस से भी मानव प्रयोग के लिए दूध हासिल किया जाता है। यूरोप व एशिया में भेड़ का दूध भी इंसान इस्तेमाल करते हैं।’
‘इंसान दूध का इतना अधिक प्रयोग क्यों करता है?’
‘दूध सम्पूर्ण भोजन है। दूध में सैंकड़ों अलग-अलग प्रकार के रसायनिक तत्व होते हैं जैसे कैल्शियम, फॉस्फोरस, प्रोटीन आदि। चूंकि दूध आसानी से हजम हो जाता है इसलिए यह तत्व शरीर जल्दी व प्रभावी तौर पर प्रयोग कर लेता है। मिल्क शुगर (फैक्टोज़) और मिल्क प्रोटीन (कैसिइन) सिर्फ दूध से ही मिलते हैं।’ -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर