सुखदेव सिंह ढींढसा के निधन पर डॉ. सुभाष शर्मा ने जताया गहरा शोक
चंडीगढ़, 28 मई - पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने वरिष्ठ अकाली नेता स. सुखदेव सिंह ढींढसा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 6 दशकों से अधिक समय तक पंजाब की सेवा करने वाले एक महान नेता को हमने खो दिया है। यह केवल एक राजनीतिक क्षति नहीं, बल्कि पंजाब की आत्मा को झकझोर देने वाली घटना है। डॉ. शर्मा ने कहा कि सुखदेव सिंह ढींढसा ने केंद्र में मंत्री के रूप में और राज्य में एक दूरदर्शी राजनेता के रूप में ऐतिहासिक योगदान दिया। वह उन अंतिम महान प्रतीकों में से एक थे जो पंजाब के घटनापूर्ण इतिहास के सजीव गवाह रहे। उनका जीवन सादगी, समर्पण और सिद्धांतों की मिसाल रहा।
उन्होंने कहा कि उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भरना बेहद कठिन होगा। मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।