अनचाही बेटियों की तादाद दो करोड़

नई दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता) : बेटा होने के चाहत में पैदा होने वाली अनचाही बेटियों की संख्या देश में दो करोड़ से भी ज्यादा तथा कोख में ही मार डालने के कारण गायब बच्चियों की तादाद करीब छह करोड़ है। देश में बेटियों के मुकाबले बेटों की बढ़ती चाहत को दर्शाने वाले ये आंकड़े संसद में पेश आर्थिक सर्वेक्षण में सामने आये हैं। अनचाही लडकियों पर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर किये गये इस सर्वेक्षण के अनुसार देश की कुल आबादी में 0 से 25 आयु वर्ग की अनचाही लड़कियों की संख्या दो करोड 10 लाख है। अंतिम बच्चे के यौन अनुपात का विश्लेषण करने के बाद यह पता लगा है कि माता-पिता की चाहत तो बेटे की थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ और बेटे के इंतजार में वे इन बच्चियों को जन्मते रहे। जन्म लेने से पहले ही कोख में मार डालने तथा जानबूझकर उपेक्षा की शिकार होने के कारण गायब बच्चियों की संख्या 1990 में चार करोड़ थी जो 2014 में बढ़कर छह करोड़ तीस लाख हो गयी और हर वर्ष ऐसी 20 लाख बच्चियां गायब हो रही हैं। लडकियों के प्रोत्साहन के लिए शुरू की गयी तमाम योजनाओं के बावजूद हर सौ जन्म पर लड़कियों के प्रतिशत में मामूली सुधार हुआ है। लड़कों के मुकाबले इन लड़कियों का प्रतिशत 2005-06 के 39.5 के मुकाबले 2015-16 में 39 पर आया है। देश के सबसे समृद्ध राज्य पंजाब और हरियाणा में लड़कियों के मुकाबले लड़कों की चाहत सबसे ज्यादा है जबकि केरल और मेघालय में लड़कियों की स्थिति सबसे अच्छी है।