रिएलिटी शो में नज़र आएंगी रेखा

मुंबई 21 मार्च (वार्ता) : बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री रेखा रिएलिटी शो में नजर आयेंगी। रेखा काफी समय से बॉलीवुड से दूर हैं। चर्चा है कि  रेखा जल्द ही छोटे पर्दे पर एक रिएलिटी शो में नजर आएंगी। इस शो में रेखा अपनी ही फिल्म के एक यादगार गाने पर ना केवल डांस करेंगी, बल्कि वह गाना गाती हुई भी नजर आएंगी। यह पहली बार नहीं है जब रेखा किसी रिएलिटी शो में डांस करने वाली हैं। वह अक्सर टीवी शोज में बतौर स्पेशल जज बनकर कंटेस्टेंट के साथ डांस और मस्ती करते हुए नजर आती हैं। अब इसी कड़ी में रेखा एक बार फिर कलर्स पर आने वाले शो‘राइजिंग स्टार 2’में दिखेंगी। इसमें रेखा अपनी ही फिल्म‘उमराव जान’के गाने‘इन आंखों की मस्ती’पर अपना जादू बिखेरेंगी। अपनी अदाओं से समां बांध देने वाली रेखा का यह अंदाज तो हर कोई देखना चाहेगा। रेखा कई बार अपने इस यादगार गाने पर परफॉर्मेंस दे चुकी हैं एक बार फिर उन्हें इस गाने पर थिरकते हुए देखना वाकई दिल को छू लेने वाला होगा।