पाक ने 30 गांवों व 20 चौकियों को बनाया निशाना


जम्मू, 22 मई (वार्ता): पाकिस्तान की ओर से आज जम्मू कश्मीर के जम्मू और सांबा सैक्टर में नियंत्रण रेखा पर की गई गोलाबारी में 13 नागरिक घायल हो गए। पाकिस्तान ने घाटी की 20 सीमावर्ती अग्रिम चौकियों और 30 गांवों पर गोलाबारी की। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां कहा कि अभी तक आरएस पुरा में दो और अरनिया सैक्टर में एक नागरिक घायल हुआ है। इस गोलीबारी में 70 वर्षीय एक महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू ज़िले के अरनिया और आर एस पुरा सेक्टर में कौशल्या देवी (70), मदन लाल भगत (48), देसराज (52) और थुंड राम (65) घायल हो गए। उन्होंने कहा कि कठुआ ज़िले के हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा दागे गए मोर्टार की चपेट में आकर बोबियान गांव में अमन सिंह नाम का 22 वर्षीय युवक भी जख्मी हो गया। सीमा पर 80 मिलीमीटर और 120 मिलीमीटर मोर्टार गिरने से करीब एक दर्जन गांव प्रभावित हुये हैं। अधिकारी ने कहा कि इसकी वजह से जोरा फार्म में ग्वालों की एक बस्ती में आज सुबह आग भी लग गई।            उन्होंने कहा कि इसमें करीब दो दर्जन झोपड़ियों को नुकसान पहुंचा। 
ज़िला प्रशासन ने आरएस पुरा में अस्थायी शिविरों में शरण लेने वाले लोगों के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी से प्रभावित 500 ग्रामीणों ने इन शिविरों में शरण ली हुई है। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान की सेना ने आर एस पुरा, अरनिया और रामगढ़ सैक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कल गोलाबारी करनी शुरू की थी जो जारी है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान की सेना ने नियंत्रण रेखा पर 20 चौकियों और 30 गांवों को निशाना बनाया और 120 एमएम के मोर्टार दागे। उन्होंने कहा की बीएसएफ पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है और भारतीय सेना को आज कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
संघर्षविराम उल्लंघन को लेकर जम्मू में पाक विरोधी प्रदर्शन   : पाकिस्तान की ओर से सीमा पर की जा रही गोलाबारी के विरोध में यहां पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट (जेडब्ल्यूएएम) ने आयोजित किया था जो जम्मू की समस्याएं उठाता रहा है। जेडब्ल्यूएएम के अध्यक्ष सुनील डिम्पल की अगुवाई में इस संगठन के 200 से अधिक सदस्यों ने जैनीपुर हाई कोर्ट रोड से शुरू हुए इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
 प्रदर्शनकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम उल्लंघन के विरोध में पाकिस्तान के झंडे जलाए।