शाहकोट उप चुनाव: कोहाड़ के पक्ष में शिअद द्वारा विशाल रोड शो


जालन्धर/मलसियां/लोहियां खास/मैहतपुर, 26 मई (जसपाल सिंह, सुखदीप सिंह, गुरपाल सिंह शताबगढ़, दिलबाग सिंह, रंधावा) : शाहकोट उप चुनाव के लिए आज प्रचार के अन्तिम दिन सत्ताधारी कांग्रेस के विरोधी पक्ष शिरोमणि अकाली दल द्वारा अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में रोड शो किए गए व दोनों पार्टियों द्वारा रोड शो को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी गई है। कांग्रेस द्वारा पार्टी उम्मीदवार हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया के पक्ष में किए गए रोड शो की अगुवाई जहां मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने ए.सी. बस में सवार होकर की वहीं शिरोमणि अकाली दल द्वारा पार्टी के उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ के पक्ष में किए गए रोड शो की अगुवाई में प्रधान सुखबीर सिंह बादल द्वारा तपती गर्मी के बावजूद खुले कैंटर (टाटा 407) गाड़ी में सवार होकर की गई। उनकी गाड़ी के आगे पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया स्वयं ट्रैक्टर चला कर रोड शो दौरान नौजवानों की अगुवाई कर रहे थे। इस अवसर पर सुखबीर सिंह बादल के साथ गाड़ी में संसदीय सदस्य बलविन्द्र सिंह भूंदड़, पूर्व मंत्री ब्रिज भुपिन्द्र सिंह लाली, कर्नल सी.डी. सिंह कंबोज व नायब सिंह कोहाड़ भी उपस्थित थे। रोड शो इतना लम्बा था कि दूर-दूर तक केसरी रंग की झंडियां ही दिखाई दे रही थीं व नायब सिंह कोहाड़ के पक्ष में लगाए जा रहे नारों की आवाज़ की गूंज सुनाई दे रही थी। मलसियां से आरम्भ हुए इस रोड शो का मैहतपुर पहुंचने से पहले जगह-जगह पर कार्यकर्त्ताओं व आम लोगों द्वारा स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों द्वारा लगातार सुखबीर सिंह बादल व बिक्रम सिंह मजीठिया पर फूलों की वर्षा की गई व विभिन्न स्थानों पर उनको सिरोपा देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा, सिकंदर सिंह मलूका, बीबी जागीर कौर, बीबी उपिन्द्रजीत कौर, परमिन्द्र सिंह ढींडसा, विधायक पवन टीनू, गुरप्रताप सिंह वडाला, बलदेव सिंह खैहरा, महेश इन्द्र सिंह ग्रेवाल, मनप्रीत सिंह इयाली, बलजीत सिंह नीला महल, अमरजीत सिंह बरसी, कमलजीत सिंह भाटिया, गुरमिन्द्र सिंह किशनपुर, सुखमिन्द्र सिंह राजपाल, गुरदेव सिंह गोल्डी भाटिया, जय दीप सिंह बाजवा, इन्द्रजीत सिंह सोनू व गुरनेक सिंह ढिल्लों, जतिन्द्र सिंह लाली बाजवा, जत्थेदार कुलवंत सिंह मन्नण, परमजीत सिंह रायपुर, रविकर्ण सिंह काहलों, रणजीत सिंह राणा, बिल्ला सेठ, तरलोक सिंह बाठ, डॉ. जगबीर सिंह धर्मसोत, सोनू औलख आदि नेता भी साथ-साथ चल रहे थे।