केन्द्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूकता मुहिम आज से : जाखड़

चंडीगढ़, 13 जून (वार्ता): पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति की तरफ से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक जागरूकता मुहिम गांव स्तर पर 14 से 21 जून तक चलाई जाएगी। यह जानकारी आज यहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सांसद सुनील जाखड़ ने एक बयान में दी। इस मुहिम के तहत तेल कीमतों में वृद्धि सहित मोदी सरकार की अन्य किसान और गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन किये जाएंगे। पार्टी की तरफ से इससे पहले ज़िला और विधान सभा हलकों के स्तर पर रोष प्रदर्शन किये गए थे। इस संबंध में प्रदेशाध्यक्ष ने एक पोस्टर भी जारी किया जिसमें आंकड़ों और तथ्यों सहित दिखाया गया है कि किस तरह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार महंगा कच्चा तेल खरीद कर सस्ता डीज़ल उपलब्ध करवा रही थी और अब मोदी सरकार सस्ता कच्चा तेल खरीद कर महंगा डीज़ल दे रही है। जाखड़ ने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार की तरफ से डीज़ल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि की गई है जिससे किसानी सहित सभी वर्ग प्रभावित हुए हैं। इसके साथ महंगाई बढ़ी है और लोगों की आर्थिकता पर इसका बुरा प्रभाव पड़ा है। जाखड़ ने बताया कि 2014 से बनी सरकार ने 9 बार पेट्रोलियम पदार्थों और टैक्स में वृद्धि करके देश की जनता की जेब पर डाका मारा है। जब कि दूसरी तरफ जब से पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्दर सिंह की नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से प्रदेश सरकार की तरफ से टैक्स में कोई वृद्धि नहीं की गई है।