नेहा दावेदारों में शामिल, वाणी संयुक्त दूसरे स्थान पर  

होसुर (तमिलनाडु), 26 जुलाई (भाषा) : नेहा त्रिपाठी दूसरे दौर में आज यहां एक अंडर 71 के स्कोर के साथ महिला पेशेवर गोल्फ टूर के 10 वें चरण में खिताब के दावेदारों में शामिल हो गई। इस बीच वाणी कपूर ने पहले दौर में सामान्य प्रदर्शन के बाद दूसरे दौर में तीन अंडर 69 का हफ्ते का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और वह अमनदीप द्राल (71 और 71) के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं। नेहा ने तीन अंडर 141 के कुल स्कोर के साथ वाणी और अमनदीप पर एक शाट की बढ़त बना रखी है। एक अंडर 143 के कुल स्कोर के साथ गौरिका बिश्नोई (73 और 70) चौथे स्थान पर हैं। त्वेसा मलिक (70 और 74) पार के स्कोर पांचवें पायदान पर हैं।