भाजपा विधायक का विवादित बयानर् अगर अवैध बांग्लादेशी व रोहिंग्या वापस न जाएं तो गोली मार दो


हैदराबाद, 31 जुलाई (एजैंसी): तेलंगाना से भाजपा के विधायक टी राजा सिंह लोध ने एक विवादित बयान देते हुए कहा कि अगर अवैध बांग्लादेशी प्रवासी और रोहिंग्या समुदाय के लोग ‘शराफत’ से अपने देश नहीं लौटते हैं तो उन्हें गोली मार देनी चाहिए। असम में असली भारतीय नागरिकों की पहचान के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में तैयार किये गए राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर के अंतिम मसौदे में 40 लाख से अधिक लोगों के नाम नहीं होने के संदर्भ में उन्होंने यह बात कही। हैदराबाद के गोशामहल के विधायक ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट पर एक वीडियो संदेश पोस्ट करते हुए कहा, ‘‘अगर ये लोग, अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या शराफत से नहीं लौटते हैं तो उन्हें उनकी भाषा में समझाने की जरूरत है। उन्हें गोली मार देनी चाहिए तभी भारतीय सुरक्षित रह सकेंगे।’’ उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध प्रवासियों को कुछ अन्य देशों में भी ‘गोली मार दी गयी और बाहर खदेड़ा गया।