पाकिस्तान 2030 तक विश्व का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला देश होगा

इस्लामाबाद, 3 अक्तूबर (वार्ता) : पाकिस्तान 2030 तक विश्व का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा। पाकिस्तान यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ ने इस संबंध में एक रिपोर्ट दी है। अमेरिका के जनगणना ब्यूरो के अनुसार पाकिस्तान वर्तमान में विश्व का छठा सबसे अधिक आबादी वाला देश है। चीन आबादी के दृष्टिकोण से विश्व में पहले स्थान पर है जबकि उसके बाद भारत, अमेरिका, इंडोनेशिया और ब्राजील का स्थान है। डोव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस करांची के एक विशेषज्ञ रिपोर्ट दी है, जिसमें कहा है कि पाकिस्तान में परिवार नियोजन कार्यक्रमों की कमी है जिसके चलते जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण नहीं है और सरकार ने सही दिशा में कदम नहीं उठाया है। विशेषज्ञ ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा बहुत महत्वपूर्ण है, जानकारी के अभाव गर्भावस्था के दौरान काफी महिलाओं की मौत हो जाती हैं। परिवार नियोजन को लेकर निर्णय लेने में महिलाओं की भागीदारी का अभाव होना परिवार नियोजन के खराब प्रदर्शन का महत्वपूर्ण कारण है।  उन्होंने कहा कि बच्चों की मृत्यु दर 10 प्रतिशत है जो पड़ोसी देशों के मुकाबले काफी अधिक है। जनसंख्या वृद्धि के लिए विशेषज्ञ ने कम उम्र में विवाह को प्रमुख कारण बताया है। उन्होंने कहा कि देश में 80 प्रतिशत किशोरियां गर्भधारण करती हैं।