भगवंत मान फिर बने ‘आप’ के पंजाब प्रधान

चंडीगढ़, 30 जनवरी (अजायब सिंह औजला) : आम आदमी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता व संगरूर से सांसद भगवंत मान को पुन: अध्यक्ष बनाए जाने का औपचारिक ऐलान आज पंजाब मामलों के इंचार्ज तथा दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया द्वारा चंडीगढ़ में किया गया। एक विशेष ताजपोशी समारोह में पार्टी के प्रमुख नेताओं ने भी शिरकत की। उल्लेखनीय है कि भगवंत मान द्वारा अकाली दल के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से अरविन्द केजरीवाल द्वारा माफी मांगने के बाद भगवंत मान ने सार्वजनिक तौर पर ऐलान करते हुए हाईकमान को अपना इस्तीफा दे दिया था। भगवंत मान ने पद संभालते कहा कि उनको पद की कोई भूख नहीं परन्तु इस समय पद संभालना उनके लिए एक बड़ी चुनौती है। पद संभालने के बाद भगवंत मान ने कहा कि नशों के मामले में उनका स्टैंड पहले वाला ही है। पार्टी सुप्रीमो अरविन्द केजरीवाल ने जो बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगी थी, उस संबंधी आरोपों के मामले पर उन्होंने कहा कि वह इस मामले में अरविन्द केजरीवाल के साथ सहमति रखते हैं कि यदि मजीठिया से माफी न मांगते तो केसों के बीच उलझ कर रह जाते। इस दौरान मनीष सिसौदिया ने भगवंत मान को अध्यक्ष का पद संभालते समय पत्रकारों के साथ बातचीत करते कहा कि पानी के मामले पर पंजाब इकाई की कोर कमेटी ने फैसला करना है। इसी तरह भगवंत मान ने भी सुखपाल सिंह खैहरा पर निशाना साधते कहा कि कुछ लोग कुर्सी के लालची थे। जबकि उनको कोई अन्य पद दिया गया तो पार्टी तानाशाह हो गई। इस मौके पर सांसद प्रो. साधु सिंह, विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा, कैबिनेट कमेटी के चेयरमैन प्रिंसीपल बुध राम, पार्टी विधायकों में अमन अरोड़ा, सरबजीत कौर माणूके, मीत हेयर, रुपिन्द्र कौर रूबी, मनजीत सिंह बिलासपुर, अमरजीत सिंह संधोआ, कुलवंत सिंह पंडोरी, कुलतार सिंह संधवां, जयकिशन सिंह रोड़ी के अतिरिक्त डा. बलबीर सिंह, श्री आनन्दपुर साहिब से लोकसभा के उम्मीदवार नरिन्द्र सिंह शेरगिल तथा पदाधिकारियों एवं नेताओं ने शिरकत की। प्रिंसीपल दलजीत सिंह भगता भाईका कई नेताओं सहित ‘आप’ में शामिल : वहीं भगवंत मान के अध्यक्ष पद संभालने के अवसर पर रामपुरा फूल क्षेत्र से संबंधित प्रिंसीपल दलजीत सिंह भगता भाईका अपने कई साथियों सहित पार्टी में शामिल हो गए। इस तरह पटियाला के कांग्रेस परिवार के साथ संबंधित संजीव गुप्ता व जैतों से अवतार सिंह सहोता व दलीप सिंह फौजी भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।