अमृतसर पहुंचने वाली 3 उड़ानें लेट, 2 रद्द

राजासांसी, 9 मार्च (अ.स.): दुबई व दिल्ली से अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा राजासांसी के बीच चलने वाली 3 उड़ानें अपने निर्धारित समय से क्रमश: 8 से 2 घंटे  विलम्ब से पहुंचीं जबकि गोवा से यहां पहुंचने वाली स्पाइस जैट व दिल्ली से पहुंचने वाली जैट एयरवेज़ की उड़ानें रद्द हो गईं, जिस कारण इन उड़ानों के ज़रिये सफर करने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दुबई से 11.50 बजे अमृतसर पहुंचने वाली स्पाइस जैट की अंतर्राष्ट्रीय उड़ान संख्या एस.जी.-55 अपने निर्धारित समय से लगभग सवा 8 घंटे विलम्ब से रात्रि 8.30 बजे पहुंची। दिल्ली से ही यहां 12.05 बजे पहुंचने वाली उजबेकिस्तान की उड़ान अपने निर्धारित समय से लगभग सवा 6 घंटे विलम्ब से सायं 6.30 बजे पहुंची और तीसरी दिल्ली से ही यहां बाद दोपहर 2.20 बजे पहुंचने वाली जैट एयरवेज़ की उड़ान अपने निर्धारित समय से लगभग सवा 2 घंटे विलम्ब से सायं 4.45 बजे यहां पहुंची। इसके अलावा गोवा से अमृतसर सायं 6.20 बजे पहुंचने वाली स्पाइस जैट की उड़ान रद्द हो गई जबकि दिल्ली से रात्रि 7.20 बजे यहां पहुंचने वाली जैट एयरवेज़ की उड़ान लगातार रद्द चलती आ रही है।