मॉस्को में हुए भीषण आतंकी हमले में 60 लोगों की मौत  145 लोग घायल


मॉस्को , 23 मार्च-  रूस की राजधानी मॉस्को में हुए भीषण आतंकी हमले में 60 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 145 लोग घायल हैं। ये हमला मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में हुई, जिसके कॉन्सर्ट हॉल में लोग रूसी रॉक बैंड पिकनिक का शो देखने के लिए जमा हुए थे। इसी दौरान ऑटोमैटिक हथियार लिए चार से पांच आतंकवादी हॉल में घुस आए और भीड़ के ऊपर गोलियां चलानी शुरू कर दी। हाल में मौजूद लोग जान बचाने के लिए जमीन पर रेंग-रेंग कर बढ़ रहे थे। खास बात ये है कि आतंकियों ने जिन क्लाशनिकोव राइफल्स का इस्तेमाल किया उसे रूस ने ही बनाया है और यह दुनिया की सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले हथियारों की लिस्ट में शामिल है। रूस की जांच एजेंसी ने हथियारों के बारे में जानकारी दी है।रूसी मीडिया आउटलेट के अनुसार, रूस की जांच समिति ने बताया है कि क्रोकस सिटी हॉल में लोगों पर गोलियां बरसाने वाले आतंकवादी क्लाशनिकोव राइफलों से लैस थे। इसे आतंकियों का पसंदीदा हथियार कहा जाता है। हमले के बाद जांच करने पहुंची रूसी टीम ने घटनास्थल से मैगजीन, खाली गोलियां और जैकेट बरामद हुए हैं। जांच टीम ने हमले की जगह का वीडियो भी जारी किया है। इसमें जांच टीम के सदस्य भारी मात्रा में गोलियों के खोके इकठ्ठा करते नजर आ रहे हैं।