10 साल में भारत की साख बढ़ी है, आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है- पीएम मोदी 

मुंगेर (बिहार), 26 अप्रैल - बिहार में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मुंगेर की ये धरती... स्वाभिमान की धरती है, विरासत की धरती है। इस क्षेत्र ने भारत की समृद्धि का वो दौर देखा है, जिसकी कल्पना तक मुश्किल हो जाती है। आज NDA सरकार, भारत की वही समृद्धि लौटाने का प्रयास कर रही है और इस समय दुनिया भी जानती है कि ये समय भारत का समय है। दुनिया को भी लगता है कि जितनी मजबूत सरकार भारत के लोग बनाएंगे, दुनिया को भी उतनी ही मजबूती मिलेगी। 10 साल में भारत की साख बढ़ी है, आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आज दुनिया के हर देश में भारत के लोगों का गौरव बढ़ रहा है, भारत का सम्मान बढ़ रहा है। लालटेन वाले अंधकार युग में जो जंगलराज चलता था, उसे मुंगेर ने सबसे अधिक सहा है। पहले हर कोई यहां से पलायन के बारे में सोचता था, लेकिन JDU और BJP के नेतृत्व में NDA सरकार ने लालटेन के उस अंधकार युग से बिहार को बाहर निकाला है। अब जब भारत तेजी से विकसित हो रहा है, तो बिहार के तेज विकास का यही समय है। आज बिहार में लड़ाई NDA के संतुष्टिकरण मॉडल और इंडी गठबंधन के तुष्टिकरण मॉडल के बीच है। कांग्रेस के शहजादे ने कहा है, देशभर में हर परिवार की कमाई का, प्रॉपर्टी का सर्वे करेंगे। भ्रष्टाचार करके लोगों को तबाह करने वाली कांग्रेस की बुरी नजर अब आपकी संपत्ति पर पड़ गई है। कांग्रेस आपकी संपत्ति का सर्वे कराकर आप पर विरासत टैक्स लगाएगी। यानी अब आप अपनी संपत्ति अपने बच्चों को नहीं दे पाएंगे। कांग्रेस सत्ता में आई तो वह आपकी संपत्ति का आधे से अधिक हड़प लेगी। विरासत टैक्स लगाकर आपसे लूटी गई संपत्ति को कांग्रेस अपने खास वोट बैंक को बांट देगी। आज पूरा देश, नौजवान, बुजुर्ग मां-बाप चिंतित हैं इसलिए एक स्वर से पूरा देश कह रहा है- कांग्रेस की लूट, जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी। INDI गठबंधन की दूसरी योजना तो और भी खतरनाक है और भारत के संविधान की भावना के विरुद्ध है। वह (कांग्रेस) धर्म के आधार पर आरक्षण लाना चाहते हैं। कांग्रेस ने कर्नाटक में एक मॉडल बनाया है। उन्होंने कर्नाटक में मुस्लिम समुदाय के लोगों को ओबीसी वर्ग में शामिल कर दिया। ओबीसी को संविधान ने जो 27% आरक्षण दिया है, उसमें से आरक्षण को काटकर मुस्लिमों को दे दिया। अब यही काम कांग्रेस पूरे देश में करना चाहती है।