देहरादून न्यायालय को मिला परिसर में विस्फोटक होने का ईमेल, तलाशी जारी



देहरादून 18 फरवरी उत्तराखंड में सोमवार से हर दिन न्यायालय की आधिकारिक ईमेल पर परिसर में विस्फोटक पदार्थ होने और रिमोट के जरिए एक निश्चित समय पर उड़ाने सम्बन्धी धमकी का सिलसिला बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अज्ञात व्यक्ति ने इस बार राजधानी देहरादून स्थित जिला अदालत परिसर में विस्फोटक लगाने संबंधित मेल अदालत के आधिकारिक ईमेल पर भेजा है। इसके बाद पूरे परिसर को सील कर, लगातार तलाशी ली जा रही है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है।
       आज सुबह जिला न्यायालय कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी न्यायाधीश और अधिवक्ताओं को कोर्ट से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। परिसर खाली करा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार जिससे ई मेल से आया है, इसके पीछे शुरुआती जांच में पाकिस्तानी संगठन के होने की आंशका है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है। पुलिस टीम यहां जांच में जुटी है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के कई जिलों में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप  है। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। नैनीताल कोर्ट को लगातार सोमवार और मंगलवार को ऐसी मेल भेजी गई। हालांकि जांच पड़ताल में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। 
 

#देहरादून