पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में किया हवाई हमला
काबुल (अफगानिस्तान), 22 फरवरी - पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में शनिवार रात भीषण हवाई हमला किया। अफगान-पाक बॉर्डर को विभाजित करने वाली डूरंड लाइन के आसपास पाकिस्तान के लड़ाकू विमानों ने जबरदस्त बमबारी की। दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान के ठिकानों पर हमला बोला। इस हमले में 17 लोगों की मौत होने की खबर है। हमले के बाद अफगानिस्तान ने कहा है कि हमले में मारे जाने वाले लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के फाइटर जेट्स ने अफगानिस्तान के कई ठिकानों को निशाना बनाया। अफगान मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बरमाल के एक अज्ञात मदरसे पर भी हवाई हमला किया गया।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में सात आंतकी शिविरों पर हमले करने का दावा किया है। पाकिस्तान की सरकार ने कहा कि इन हमलों में अफगानिस्तान स्थित आतंकवादी संगठनों को निशाना बनाया गया है। पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के बयान में पिछले सप्ताह की शुरुआत से हुए तीन हमलों का हवाला देते हुए कहा गया है कि पाकिस्तान ने "खुफिया जानकारी के आधार पर सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी तालिबान और उसके सहयोगियों से संबंधित सात आतंकवादी शिविरों और ठिकानों को चुनिंदा रूप से निशाना बनाया है।

