UP: नमो भारत और मेट्रो आने के बाद मेरठ में बढ़ा रियल एस्टेट कारोबार

मेरठ, 28 फरवरी - नमो भारत और मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद मेरठ में इंफ्रास्ट्रक्टर को भी रफ्तार मिली है। संपत्तियों की खरीद-फरोख्त के प्रति लोगों में दिलचस्पी बढ़ी है। हाल में ही आवास एवं विकास परिषद की ओर से की गई ई-नीलामी में 59 करोड़ की 28 संपत्तियों की बिक्री से इसके प्रमाण मिले हैं। आवास विकास परिषद की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर, माधवपुरम, शास्त्रीनगर और जागृति विहार विस्तार योजना के लिए बीती 19 फरवरी को ई-नीलामी की गई थी।
उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह बताते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों नमो भारत और मेरठ मेट्रो का शुभारंभ किए होने के बाद मेरठ एवं आसपास के लोगों ने संपत्तियों की खरीद -फरोख्त के प्रति काफी रुझान दिखाया है। संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि मेरठ ही नहीं दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा से भी लोगों ने बोलियां लगाई हैं। 
 
उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में व्यावसायिक भूखंड 73 लाख, माधवपुरम योजना में आवासीय 85 लाख, शास्त्रीनगर योजना में व्यावसायिक भूखंड व एक दुकान तीन करोड़ 55 लाख, व्यावसायिक भूखंड 26 करोड़ 44 लाख, नर्सिंग भूखंड 23 करोड़ दो लाख और जागृति विहार विस्तार योजना में नर्सरी स्कूल 1.93 करोड़, आवासीय भूखंड 1.85 करोड़ तथा एक आवासीय भवन 54 लाख रुपये में बिका।

#UP
# नमो भारत
# मेट्रो
# मेरठ
# रियल एस्टेट