खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में बवाल, कराची से लेकर PoK तक भड़की हिंसा
नई दिल्ली, 2 मार्च - ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलो और सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। कराची से लेकर PoK तक भड़की इस हिंसा में अब तक 35 नागरिकों की मौत हो चुकी है। वहीं 100 से ज्यादा लोग घायल हुए है। माना जा रहा है कि हिंसक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से इन लोगों की मौत हुई है। हालांकि पाकिस्तान ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हिंसक प्रदर्शन के दौरान कराची में 16 मौतें हुई हैं। इसके अलावा गिलगित में 7, स्कर्दू में 6 और इस्लामाबाद में भी 6 नागरिकों की मौत हुई है। सूत्रों के अनुसार, ये सभी नागरिक झड़पों के दौरान सुरक्षा बलों और अमेरिकी मरीन सुरक्षा टुकड़ी की कार्रवाई में हताहत हुए। हालात बिगड़ने पर देर रात पंजाब सरकार ने प्रांत के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके अलावा अन्य प्रांतों की सरकारों ने भी अपने यहां अलर्ट जारी कर दिया है। शिया आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

