जालंधर के स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी

पंजाब के जालंधर में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ने सनसनी फ़ैल गई है.। होली से पहले आई इस धमकी ने पुलिस प्रशासन को हाई अलर्ट पर कर दिया है। जानकारी के अनुसार जालंधर के एपीजे स्कूल और पुलिस डीएवी स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मेल में होली वाले दिन खून की होली और खतरनाक होली खेलने जैसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं, संदेश में ट्रेनों को भी निशाना बनाने का जिक्र होने से मामला और गंभीर हो गया है। धमकी भरा ईमेल सामने आते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। संबंधित स्कूलों में तुरंत पुलिस टीमें भेजी गईं।

एहतियातन बच्चों को स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड भी मौके पर बुलाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। मेल की तकनीकी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस लोकेशन और किस आईडी से भेजा गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

स्कूलों को इस तरफ धमकी भरे ईमेल मिलना कहीं न कहीं चिंताजनक स्थिति है। आज फिर से जालंधर के स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं।  धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसरों को एहतियातन खाली कराया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया, जबकि बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने गहन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने गहनता से जांच की, लेकिन किसी तरह की कोई संदिग्ध सामग्री नहीं बरामद की गई.

#जालंधर