पंजाब रोडवेज, पनबस और PRTC के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
पंजाब रोडवेज, पनबस और PRTC के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने आज अपनी मांगों को लेकर लुधियाना बस स्टैंड पर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और सरकार पर उनकी मांगें न मानने का आरोप लगाया। प्रदर्शन से पहले कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने भगत सिंह की तस्वीर पर फूल और मालाएं चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।
बात करते हुए कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार हर बार मीटिंग करके उनकी मांगें पूरी करने के वादे से मुकर जाती है। जिसके चलते उन्हें आज एक बार फिर अपना गुस्सा जाहिर करने पर मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि वे सरकार से मांग करते हैं कि चुनाव से पहले उनसे किए गए वादे, जिसमें कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम खत्म करना, कैजुअल कर्मचारियों को परमानेंट करना, समय पर सैलरी देना आदि शामिल हैं, उन्हें पूरा किया जाए। उन्होंने आने वाले दिनों में मांगें पूरी न होने पर सरकार को कड़ी चेतावनी भी दी है।

