गुरिंदरवीर सिंह ने 60 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता
भुवनेश्वर, 25 मार्च - पंजाब के फर्राटा धावक गुरिंदरवीर सिंह ने राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुरुआती सत्र के आखिरी दिन बुधवार को पुरुषों की 60 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में जीत के दावेदार अनिमेश कुजुर को नाटकीय फाइनल में अयोग्य कर दिया गया। दो दिन के चैंपियनशिप का समापन पुरुषों की 60 मीटर फाइनल से हुआ, जिसमें रिलायंस फाउंडेशन का प्रतिनिधित्व कर रहे गुरिंदरवीर सबसे तेज धावक के रूप में उभरे। पच्चीस साल के गुरिंदरवीर इससे पहले 100 मीटर आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी रह चुके हैं। उन्होंने 6.60 सेकंड का समय निकाला और तामिलनाडु की एलकिया दसन के 2018 से कायम 6.67 सेकंड के राष्ट्रीय इंडोर रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

