चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका धोनी हुए चोटिल
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी चोट के कारण शुरुआती चार मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं। सीएसके ने अपने आधिकारिक बयान में जानकारी दी कि धोनी इस समय काफ स्ट्रेन (पिंडली की चोट) से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) से गुजर रहे हैं। टीम के बयान के मुताबिक, 'एमएस धोनी इस समय काफ स्ट्रेन से उबरने की प्रक्रिया में हैं। इसके चलते वह आईपीएल के पहले दो हफ्तों से बाहर रह सकते हैं।'
क्या है चोट और कितने मैच मिस करेंगे?
धोनी की यह चोट मांसपेशियों से जुड़ी है, जिसे ठीक होने में समय लगता है। ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि वह पहले दो हफ्ते नहीं खेलेंगे यानी सीएसके के शुरुआती तीन से चार मैच मिस कर सकते हैं। यह टीम के लिए बड़ा झटका इसलिए भी है क्योंकि धोनी अनुभव और नेतृत्व दोनों में अहम भूमिका निभाते हैं। सीएसके को शुरुआती दो हफ्तों में 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से गुवाहाटी में, तीन अप्रैल को पंजाब किंग्स से चेन्नई में, पांच अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से बंगलूरू में और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से चेन्नई में खेलना है। इसके बाद 14 अप्रैल को सीएसके का मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से चेन्नई में होगा। इस मैच में धोनी वापसी कर सकते हैं।
सीएसके के लिए क्यों बड़ा नुकसान?
धोनी भले ही अब कप्तान नहीं हैं, लेकिन मैदान पर उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम रहती है। वह अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर टीम से जुड़े हुए हैं। विकेटकीपिंग में अनुभव, डेथ ओवर में फिनिशिंग और युवा खिलाड़ियों को गाइड करना, इन सभी मामलों में उनकी कमी साफ महसूस होगी।
किसे मिल सकता है मौका?
धोनी की गैरमौजूदगी में सीएसके मैनेजमेंट को प्लेइंग-11 में बदलाव करना पड़ेगा। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी किसी अन्य खिलाड़ी को मिल सकती है। धोनी के अलावा विकेटकीपिंग के लिए टीम के पास तीन अन्य विकल्प भी हैं। इनमें संजू सैमसन, उर्विल पटेल और कार्तिक शर्मा शामिल हैं। संजू का खेलना तय है। अब उर्विल और कार्तिक दोनों को प्लेइंग-11 में जगह मिल सकती है। ऐसे में विकेटकीपिंग का दारोमदार किस पर होगा, यह देखने वाली बात होगी। मिडिल ऑर्डर में भी फेरबदल संभव है। हालांकि, सीएसके के प्रैक्टिस सेशंस में संजू और उर्विल को विकेटकीपिंग करते देखा गया है।

