रादौर - प्लाई बोर्ड फैक्ट्री के मुख्य गेट फा/यरिंग, बाल-बाल बचा कर्मचारी

रादौर के जठलाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत खजूरी रोड के पास स्थित एक प्लाई बोर्ड फैक्ट्री के बाहर देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब दो अज्ञात नकाबपोश बाइक सवारों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर कई राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में दो गोलियां फैक्ट्री के लोहे के मुख्य गेट को भेदते हुए अंदर खड़े एक ट्रक से जा टकराईं। एक गोली ट्रक की हेडलाइट पर लगी, जबकि दूसरी ट्रक के अन्य हिस्से में धंस गई। घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी बाल-बाल बच गए। 

 घटना की सूचना मिलते ही जठलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने फैक्ट्री के सुरक्षा कर्मचारी की शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके का मुआयना कर सबूत जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि फायरिंग के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

#रादौर - प्लाई बोर्ड फैक्ट्री