इस्तांबुल में इस्राइली वाणिज्य दूतावास पर अज्ञात बंदूकधारियों का हमला, 2 पुलिसकर्मी घायल, 3 ढेर 

इस्तांबुल, 7 अप्रैल - इस्तांबुल में इस्राइली वाणिज्य दूतावास की इमारत पर मंगलवार को कई अज्ञात हमलावरों ने हमला करने की कोशिश की। तुर्किये पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन हमलावरों को मार गिराया, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हुए। इस्तांबुल स्थित दूतावास की सुरक्षा को बढ़ाया गया है। तुर्किये के समाचार चैनल सीएनएन तुर्क की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।  
यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है, जब एक महीने से अधिक समय से इस्राइल की ईरान के साथ जंग जारी है। इस जंग में ईरान और लेबनान के सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। वहीं, इस्राइल और अमेरिका के कई सैनिकों को भी जान गंवानी पड़ी है। इससे क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। 
रॉयटर्स की ओर से साझा किए गए फुटेज में एक पुलिस अधिकारी को गोलियों की आवाज के बीच बंदूक निकालते और छिपते दिखाया गया है। एक व्यक्ति खून से लथपथ दिखाई दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। 
'टाइम्स ऑफ इस्राइल' ने अपनी रिपोर्ट में रॉयटर्स के एक चश्मदीद के हवाले से बताया कि इस्तांबुल में इस्राइली वाणिज्य दूतावास की इमारत के पास गोलीबारी की आवाज सुनी गई। एक इस्राइली अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इस्राइल को बताया कि विदश मंत्रालय इन रिपोर्ट्स को देख रहा है।  

#इस्तांबुल
# पुलिसकर्मी