नींबू से बल्ब जलाओ
बच्चो! क्या आप नींबू से बल्ब जला सकते हो? क्या कहा? नहीं। कोई बात नहीं। आज मैं आपको नींबू बैटरी बनाना सिखाती हूं, जिससे नींबू बिजली उत्पन्न करेगा जोकि बल्ब को रोशन कर देगी। नींबू बैटरी बनाने के लिए हमें ज़ाहिर है 2 से 4 नींबुओं की ज़रूरत होगी। साथ ही गैल्वेनाइज्ड (जस्ती) कीलें, पैनी, एलईडी बल्ब, मेटल क्लिप और चाकू।
सबसे पहले हम नींबुओं को एक पंक्ति में रखेंगे। नींबू के एक सिरे में कील को आधा ठूंस देंगे। ऐसा हर नींबू के साथ करेंगे। नींबू के दूसरे सिरे पर चाकू से एक छोटा सा कट लगायेंगे और उसमें पैनी को आधा ठूंस देंगे। ऐसा भी सभी नींबुओं के साथ करेंगे।
अब मेटल क्लिप्स को नींबुओं से जोड़ना है। एक क्लिप एक कील से जोड़ेंगे और क्लिप का दूसरा सिरा ऐसे ही रहने देंगे यानी उसे जोड़ेंगे नहीं। दूसरे क्लिप को पहले नींबू की पैनी से जोड़ेंगे और उसके दूसरे सिरे को दूसरे नींबू की कील से जोड़ेंगे।
यह सिलसिला हर नींबू के साथ जारी रखेंगे, जब तक कि अंतिम पैनी पर न आ जाएं। इस पैनी से क्लिप का एक सिरा जोड़ेंगे और दूसरे को बिना जुड़े रहने देंगे। अब हमारे पास दो बिना जुड़े सिरे हैं। यह कार के जम्पर केबल की तरह हैं। इन्हें आपस में मत मिलाना। बिना जुड़े केबल को एलईडी लाइट के एक तार से जोड़ दें। जब आप दूसरे बिना जुड़े केबल को एलईडी लाइट के दूसरे तार से जोड़ेंगे तो आपको बल्ब जलता हुआ दिखायी देगा। लो नींबुओं से बल्ब जल गया।
ऐसा क्यों हुआ? दरअसल नींबू बैटरी एक प्रकार की बैटरी है जो घर पर नींबू व कुछ बुनियादी चीज़ों से बनायी जा सकती है। यह एक प्रक्रिया से काम करती है, जिसे इलेक्ट्रोसिस कहते हैं। नींबू कार्स इलेक्ट्रोलाइट के रूप में काम करता है, जोकि वह तरल पदार्थ है, जो बिजली कंडक्ट करता है। जब पैनी व कील नींबू में ठूंसे जाते हैं, तो वह बैटरी के पॉजिटिव व नेगेटिव टर्मिनल बन जाते हैं। कॉपर की बनी पैनी पॉजिटिव इलेक्ट्रोड के रूप में काम करती है, जबकि जिंक की बनी कील नेगेटिव इलेक्ट्रोड के तौर पर काम करती है।
जिंक व कॉपर के इलेक्ट्रोड, इलेक्ट्रोलाइट में डूब जाते हैं, जो इस मामले में नींबू का रस है। नतीजतन जिंक एटम से इलेक्ट्रान कॉपर एटम की तरफ फ्लो करते हैं और छोटा सा बिजली का करंट उत्पन्न होता है, जो बल्ब को जला देता है। नींबू बैटरी को हर समय इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, लेकिन इससे मालूम होता है कि बिजली कैसे काम करती है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर




