दुनिया का प्याज़ हब कहां है ?

‘दीदी, सब्जियों में सबसे अधिक सब्ज़ी कौन सी खायी जाती है?’
‘प्याज़। वह खाना पकाने में, फूड प्रोसेसिंग में, मसाले तैयार करने में और हद तो यह है कि प्रोसेस्ड फूड में भी प्रयोग की जाती है। कच्चा प्याज़ सलाद के तौर पर भी खाया जाता है और इसे चाट आदि पर भी डालकर खाया जाता है। विभिन्न तरीकों से इसका इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए यह सबसे ज्यादा खायी जाने वाली सब्ज़ी है।’
‘फिर तो कोई जगह ऐसी भी होगी जिसे प्याज़ हब कहते हों।’
‘हां, है न। भारत के महाराष्ट्र राज्य में स्थित नासिक को दुनिया का प्याज़ हब कहते हैं।’
‘क्यों?’
‘नासिक में प्याज़ का बहुत बड़ा बाज़ार है, जहां से व्यापारी थोक में प्याज़ खरीदते हैं और फिर पूरे भारत में व कुछ अन्य देशों में सप्लाई करते हैं। दरअसल, नासिक का क्लाइमेट व उसकी उपजाऊ ज़मीन प्याज़ की खेती करने के लिए एकदम आदर्श है।’ 
‘इसका मतलब नासिक में प्याज़ का सबसे अधिक उत्पादन होता है।’
‘भारत में तो नासिक ही सबसे अधिक प्याज़ का उत्पादन करता है, लेकिन महाराष्ट्र में पुणे व अहमदनगर में भी प्याज़ का अच्छी मात्रा में उत्पादन होता है।’
‘तो महाराष्ट्र में दुनिया का सबसे अधिक प्याज़ उत्पादन होता है?’
‘नहीं। महाराष्ट्र भारत में तो इस संदर्भ में पहले स्थान पर है, लेकिन दुनिया में महाराष्ट्र या फिर भारत पहले स्थान पर नहीं हैं।’
‘फिर संसार में सबसे ज्यादा प्याज़ का उत्पादन कहां होता है?’
‘चीन में। अपनी विशाल कृषि भूमि व विकसित तकनीक के कारण चीन सबसे ज्यादा प्याज़ का उत्पादन करता है और ग्लोबल प्याज़ व्यापार में वह मुख्य खिलाड़ी है।’ 
‘प्याज़ उत्पादन में ग्लोबली भारत का स्थान कौन सा है?’
‘चीन के बाद दूसरा।’
‘अच्छा, यह बताएं कि क्या प्याज़ सिर्फ एक किस्म की होती है?’
‘नहीं। सबसे आम तो लाल प्याज़ है, लेकिन इसके अतिरिक्त भी अन्य किस्में हैं जैसे सफेद प्याज़, पीली प्याज़ और छोटी प्याज़।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#दुनिया का प्याज़ हब कहां है ?