रादौर में एसकेएम के आह्वान पर किसानों ने किया धरना ,प्रदर्शन
रादौर , 20 अप्रैल - संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर प्रदेशभर में किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालयों पर तालाबंदी कर तीन घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इसी क्रम में रादौर मार्केट कमेटी कार्यालय पर भी भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) और अखिल भारतीय किसान सभा से जुड़े किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि जिले की मंडियों में किसानों ने तालाबंदी कर सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया। उन्होंने बायोमेट्रिक प्रणाली को किसानों के लिए नुकसानदायक बताते हुए आरोप लगाया कि इससे मंडी व्यवस्था कमजोर होगी। वहीं अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान जरनैल सिंह सांगवान ने कहा कि सरकार नई-नई शर्तें लागू कर किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही है। उन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को जटिल बताते हुए इसे खत्म करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

