मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन पटरी से उतरी, पुणे स्टेशन के पास हुई घटना

पुणे (महाराष्ट्र), 27 अप्रैल - मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन (नंबर 22225) का एक डिब्बा सोमवार शाम को पुणे रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गया। हालांकि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई। यह शायद देश में पहली घटना है जब वंदे भारत ट्रेन का कोई डिब्बा पटरी से उतरा है। 
घटना के बाद पटरी से उतरे कोच के यात्रियों को अपना सामान लेकर ट्रेन से उतरते और पास के प्लेटफॉर्म की ओर जाते देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से पश्चिमी महाराष्ट्र के सोलापुर जा रही वंदे भारत ट्रेन के चौथे कोच की एक ट्रॉली पुणे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आने से ठीक पहले डायमंड क्रॉसिंग पर पटरी से उतर गई। 

मध्य रेलवे (CR) के अधिकारियों ने कहा कि पुणे स्टेशन पर चल रहे यार्ड के पुनर्विकास (Redevelopment) के तहत क्रॉसिंग को अपग्रेड करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा, "किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई। सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए उन्हें दूसरी ट्रेन से भेजने का इंतजाम किया जा रहा है। 

खास बात यह है कि डायमंड क्रॉसिंग एक रेलवे जंक्शन होता है, जहां दो ट्रैक एक ही लेवल पर एक-दूसरे को काटते हैं, जिससे डायमंड के आकार का लेआउट बनता है। 

 
#मुंबई-सोलापुर वंदे भारत ट्रेन
# पटरी
# पुणे स्टेशन